हरदोई में शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने परिवार से की मुलाकात, अजय राय ने न्यायिक जांच की मांग उठाई, बोले- दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए

हरदोई। जनपद के मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी रसूलपुर में युवती शिल्पी कुशवाहा की हत्या के मामले में गुरुवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुभाष पाल ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे के समन्वय से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने वीडियो कॉल के माध्यम से पीड़ित परिवार से बातचीत की। प्रशासन की मौजूदगी में हुई इस वार्ता में अजय राय ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए परिवार को भरोसा दिलाया कि वह इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर न्यायिक जांच की मांग करेंगे, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके और दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष (विचार विभाग) सुरेंद्र यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष उन्नाव सुरेंद्र कुशवाहा, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्य, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हसन अहमद, जिला महासचिव आलोक त्रिवेदी, पंकज पाल, ब्लॉक अध्यक्ष मल्लावां अखिलेश पांडे, शरीफ अहमद, राज किशोर अर्कवंशी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बना रहे।