विश्व धरोहर दिवस 2026: फिरोजपुर मंडल में 17 से 23 अप्रैल तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन

फिरोजपुर। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 18 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा 17 अप्रैल से 23 अप्रैल तक विभिन्न जागरूकता एवं धरोहर संरक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष विश्व धरोहर दिवस की थीम ?संघर्षों एवं आपदाओं के संदर्भ में जीवित धरोहर के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया? निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर मंडल के विभिन्न धरोहर स्थलों पर सप्ताहभर कार्यक्रम आयोजित कर रेलवे की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और आमजन को इसके महत्व से अवगत कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रमों के तहत अमृतसर स्टेशन स्थित हेरिटेज गैलरी को आम जनता के लिए खोला जाएगा, जहां लोग रेलवे के गौरवशाली इतिहास की झलक देख सकेंगे। वहीं लुधियाना, अमृतसर और फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशनों पर हेरिटेज आधारित संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, फिरोजपुर में निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागी धरोहर संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

रेलवे की ऐतिहासिक धरोहरों को आकर्षक रूप देने के लिए फिरोजपुर, लुधियाना और अमृतसर स्टेशनों पर स्थित हेरिटेज स्थलों एवं गैलरियों को विशेष रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे उनकी ऐतिहासिक सुंदरता और भी निखरकर सामने आएगी।

कार्यक्रम के पहले दिन फिरोजपुर रेलवे स्टेशन पर स्थित हेरिटेज लोको, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय फिरोजपुर में मौजूद हेरिटेज कोच एवं हेरिटेज रोलर, तथा लुधियाना स्टेशन पर स्थित हेरिटेज रोलर का मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण किया गया। इसका उद्देश्य इन धरोहरों को सुरक्षित रखना और युवा पीढ़ी को रेलवे की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना है।

फिरोजपुर मंडल द्वारा आयोजित ये कार्यक्रम रेलवे की समृद्ध धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं।