यात्रियों को बड़ी राहत: जोधपुर-हावड़ा और खातीपुरा-हावड़ा के लिए ग्रीष्मकालीन वनवे स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

प्रयागराज। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये दोनों ट्रेनें वनवे स्पेशल के रूप में चलाई जाएंगी, जिससे राजस्थान से पश्चिम बंगाल की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार इन विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित तिथियों पर केवल एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार पहली ट्रेन गाड़ी संख्या 04803 जोधपुर-हावड़ा वनवे विशेष ट्रेन होगी। यह ट्रेन शुक्रवार दिनांक 24 अप्रैल 2026 को जोधपुर से शाम 5 बजे रवाना होगी और रविवार को सुबह 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे, जिसमें 18 स्लीपर कोच, 1 एसी थर्ड टियर कोच तथा 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कूचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, दुर्गापुर, बर्द्धमान और बंदेल होते हुए हावड़ा पहुंचेगी।

वहीं दूसरी ट्रेन गाड़ी संख्या 09715 खातीपुरा-हावड़ा वनवे स्पेशल ट्रेन होगी। यह ट्रेन भी शुक्रवार दिनांक 24 अप्रैल 2026 को खातीपुरा से शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी और शनिवार रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी कुल 21 कोच रहेंगे, जिनमें 10 स्लीपर कोच, 8 सामान्य कोच, 1 एसी थर्ड टियर कोच तथा 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भाबुआ रोड, सासाराम, देहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडेरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, गोमोह, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान और बंदेल होते हुए हावड़ा पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें तथा टिकट आरक्षण समय पर कराएं। रेलवे का कहना है कि ग्रीष्मकाल में यात्रियों की सुविधा के लिए आगे भी आवश्यकतानुसार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा सकता है।