वंदे भारत में मिले लावारिस बैग, टीटीई की ईमानदारी से यात्री को मिला सामान

वंदे भारत में मिले लावारिस बैग, टीटीई की ईमानदारी से यात्री को मिला सामान

ट्रेन में सामान चढ़ाया, लेकिन यात्री नहीं चढ़ सका, 35 हजार नकद समेत पूरा सामान सुरक्षित मिला

जोधपुर। जोधपुर से दिल्ली कैंट जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में मिले दो लावारिस ट्रॉली बैग को सुरक्षित बरामद कर जोधपुर मंडल के टीटीई ने ईमानदारी का शानदार उदाहरण पेश किया है। टीटीई की तत्परता और जिम्मेदारी से यात्री का कीमती सामान सुरक्षित उसके सुपुर्द किया गया।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 26481 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच C-6 में टिकट जांच के दौरान जोधपुर के एसटीटीई सलमान खान को गेट के पास दो लावारिस ट्रॉली बैग मिले। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए टीटीई ने तुरंत बैगों की जांच कर सुरक्षा सुनिश्चित की।

जांच के दौरान बैगों में कपड़े, मिठाई के डिब्बे, गिफ्ट आइटम और करीब 35 हजार रुपए नकद बरामद हुए। इसके बाद टीटीई ने सामान को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और जोधपुर वाणिज्य नियंत्रण कार्यालय के समन्वय से बैगों को आरपीएफ अलवर को सुपुर्द कर दिया।

जांच में सामने आया कि यह सामान यात्री राजेश मोदी का है, जिनका टिकट जयपुर से दिल्ली कैंट तक का था। यात्री किसी कारणवश ट्रेन में सवार नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने अपना सामान ट्रेन में चढ़ा दिया था और ट्रेन रवाना हो गई।

इसके बाद यात्री ने रेल मदद ऐप के जरिए रेलवे को सामान छूटने की सूचना दी। वहीं टीटीई ने अपनी एचएचटी मशीन की मदद से यात्री का संपर्क नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया और पुष्टि के बाद सामान सुरक्षित आरपीएफ को सौंप दिया गया।

सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और टीटीई सलमान खान की ईमानदारी की सराहना करते हुए आभार जताया। रेलवे प्रशासन ने भी इस कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।