प्रमुख वित्त सलाहकार गीतिका पांडेय ने जोधपुर मंडल की कार्यकुशलता को सराहा

प्रमुख वित्त सलाहकार गीतिका पांडेय ने जोधपुर मंडल की कार्यकुशलता को सराहा

डीआरएम कार्यालय में आधुनिक रिकॉर्ड रूम का किया उद्घाटन, व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे की प्रमुख वित्त सलाहकार गीतिका पांडेय ने शुक्रवार को जोधपुर दौरे के दौरान मंडल में चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं तथा वित्तीय प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जोधपुर मंडल की कार्यकुशलता की सराहना की। उन्होंने विभिन्न रेल व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ बैठक भी की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर पांडेय ने डीआरएम कार्यालय परिसर में पुनर्विकसित एवं आधुनिक रिकॉर्ड रूम का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर लेखा एवं सामान्य शाखा के नए रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया तथा वहां की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था से रेलवे के महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रहेंगे, जो भविष्य की योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगे।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे के फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और विभिन्न परियोजनाओं में हुए परिवर्तनकारी विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनुराग त्रिपाठी ने सुश्री पांडेय का स्वागत करते हुए मंडल कार्यालय का अवलोकन कराया।

उल्लेखनीय है कि जोधपुर की पूर्व डीआरएम रह चुकी गीतिका पांडेय को हाल ही में रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (योजना) के पद पर पदस्थ किया गया है। उन्होंने जोधपुर मंडल की टीम की ऊर्जा, समर्पण और कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा कि मंडल निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह पहले भी जोधपुर आ चुकी हैं, लेकिन इस बार का अनुभव अलग और विशेष रहा। उन्होंने बताया कि फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में हुए व्यापक बदलाव, स्टेशन का नया स्वरूप और समग्र विकास अत्यंत प्रभावशाली है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक विक्रम सिंह सैनी ने उनका स्वागत किया। वहीं डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर मंडल की ओर से उन्हें शॉल, साफा, बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सुश्री पांडेय ने बताया कि जोधपुर मंडल ने ओवरऑल एफिशिएंसी में उल्लेखनीय सुधार किया है। प्रदर्शन के स्तर पर लगभग 50 प्रतिशत की प्रगति एक बड़ी उपलब्धि है, जो मंडल की मेहनत और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जोधपुर मंडल इसी प्रकार आगे भी प्रगति करता रहेगा और भारतीय रेल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री करनी राम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री हितेश यादव सहित बड़ी संख्या में शाखाधिकारी उपस्थित रहे।