20 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे मां वैष्णो देवी के दरबार, मौसम रहा सुहाना

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना रहा। इससे श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से राहत मिली और यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

श्रद्धालु"जय माता दी"के जयकारे लगाते हुए लगातार भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पानी, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं की उचित व्यवस्था की गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम पांच बजे तक करीब 20,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर माता रानी के भवन के लिए रवाना हो चुके थे।

प्रशासन की ओर से यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रही और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहीं।

श्रद्धालुओं ने मौसम के अनुकूल होने पर खुशी जताई और माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।