हरदोई में रुपए मांगने पर महिला को मारी गोली, जेठ और उसके बेटे पर आरोप, पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल

हरदोई। मंझिला थाना क्षेत्र के कोरीगवां गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। उधार दिए गए रुपये मांगने पर जेठ ने अपने छोटे भाई की पत्नी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दीपू पुत्र रामभरोसे पिछले करीब 20 वर्षों से दिल्ली में रह रहे थे और जून 2025 में गांव लौटकर घर बना रहे थे। इसी दौरान उनके चचेरे भाई ब्रजेश ने उनसे 50 हजार रुपये उधार लिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए।
करीब 10 दिन पहले दीपू की पत्नी शिवानी (25) ने ब्रजेश से रुपये मांगे थे, जिस पर उसने टालमटोल की। आरोप है कि 9 अप्रैल को इसी बात को लेकर ब्रजेश और उसके बेटे उमेश ने दीपू, शिवानी और उनके चार वर्षीय पुत्र दिव्यांशु के साथ मारपीट की थी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उस समय पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शनिवार को शिवानी ने फिर रुपये की मांग की। आरोप है कि शाम के समय जब वह शौच के लिए बाहर गई, तभी ब्रजेश और उमेश ने उसका पीछा कर उस पर फायर कर दिया। गोली शिवानी के दाहिने हाथ में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल महिला को पहले सीएचसी पिहानी पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
एएसपी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।