गर्मी में भी आस्था का उत्साह बरकरार, 15 हजार श्रद्धालु भवन रवाना,इस साल अब तक 26.28 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन, अप्रैल में 5.50 लाख ने टेका माथा

गर्मी में भी आस्था का उत्साह बरकरार, 15 हजार श्रद्धालु भवन रवाना

इस साल अब तक 26.28 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन, अप्रैल में 5.50 लाख ने टेका माथा

कटड़ा। चिलचिलाती गर्मी और तेज धूप के बावजूद मां वैष्णो देवी के भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ लगातार भवन की ओर बढ़ रहे हैं। धर्मनगरी कटड़ा में 'जय माता दी' के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

वीरवार शाम पांच बजे तक करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान किया। आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष अब तक 26.28 लाख श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके हैं, जबकि अप्रैल माह में अब तक करीब 5.50 लाख श्रद्धालुओं ने दरबार में शीश नवाया है। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।

दिनभर मौसम सामान्य बना रहा। श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ यात्रा पर निकलते रहे। तेज गर्मी के बीच भी भक्त यात्रा मार्ग पर बनाए गए पड़ावों और विश्राम स्थलों पर कुछ समय रुककर राहत लेते हुए धीरे-धीरे भवन की ओर आगे बढ़ते नजर आए।

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से यात्रा मार्ग और भवन परिसर में व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रा के दौरान शुद्ध पेयजल, विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य जरूरी सेवाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं भी सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।

मां वैष्णो देवी के दर्शन कर श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। दर्शन के बाद बड़ी संख्या में भक्त बाबा भैरवनाथ मंदिर में भी हाजिरी लगा रहे हैं।

गर्मी के बावजूद कटड़ा में श्रद्धालुओं की भीड़ यह साबित कर रही है कि आस्था के आगे मौसम भी कमजोर पड़ जाता है।