वैष्णो देवी में सप्ताहांत पर श्रद्धालुओं की संख्या में हुआ इजाफा शनिवार शाम तक 23 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण, मौसम रहा बदलता

वैष्णो देवी में सप्ताहांत पर श्रद्धालुओं की संख्या में हुआ इजाफा

शनिवार शाम तक 23 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण, मौसम रहा बदलता

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित माता वैष्णो देवी के पवित्र दरबार में शनिवार को सप्ताहांत के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिनभर मौसम के कई रंग देखने को मिले, बावजूद इसके श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। शनिवार शाम 5 बजे तक करीब 23,000 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराकर भवन की ओर प्रस्थान किया।

शनिवार तड़के त्रिकुटा पर्वत पर घने बादलों का जमघट बना रहा, जो दोपहर तक छाया रहा। इस दौरान यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को बारिश का भी सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो गया और धूप खिलने से यात्रियों को राहत मिली।

मौसम में बदलाव के कारण कटड़ा से चलने वाली हेलिकॉप्टर सेवा बीच-बीच में प्रभावित रही, लेकिन दोपहर बाद यह सेवा पुनः सुचारू रूप से संचालित होने लगी। वहीं श्रद्धालुओं के लिए बैटरी कार सेवा और रोपवे केबल कार सेवा पूरे दिन सामान्य रूप से जारी रही।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रा मार्ग पर घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी दिनभर सुचारू रूप से संचालित होती रहीं, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और असहाय श्रद्धालुओं को विशेष राहत मिली।

मौसम में उतार-चढ़ाव के बावजूद वैष्णो देवी यात्रा पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से जारी रही और देशभर से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार बना रहा।