मिशन कर्मयोगी ‘साधना’ सप्ताह में उत्तर मध्य रेलवे का दबदबा, झांसी मंडल को मिला विशेष पुरस्कार

मिशन कर्मयोगी ?साधना? सप्ताह के तहत उत्तर मध्य रेलवे ने राष्ट्रव्यापी स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेलवे में अपनी विशेष पहचान बनाई है। क्षमता निर्माण आयोग (CBC), कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) तथा कर्मयोगी भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गहन शिक्षण अभियान में उत्तर मध्य रेलवे ने महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के कुशल मार्गदर्शन में ऐतिहासिक सफलता अर्जित की। उत्तर मध्य रेलवे के कार्मिक विभाग के समन्वय से यह अभियान 02 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक चलाया गया, जिसमें रेलवे के विभिन्न मंडलों और कारखानों के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 17 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा उत्तर मध्य रेलवे को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। इस समारोह में उत्तर मध्य रेलवे की ओर से प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा ने जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरस्कार ग्रहण किया।

इस अभियान में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने पूरे भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना परचम लहराया। सरकारी अधिकारियों के बीच निरंतर सीखने की संस्कृति और संस्थागत क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट योगदान के लिए झांसी मंडल को ?विशेष पुरस्कार? से सम्मानित किया गया। विशेष रूप से झांसी मंडल के 77.45 प्रतिशत कर्मचारियों ने निर्धारित 4 घंटे से अधिक की डिजिटल लर्निंग सफलतापूर्वक पूरी की, जो देशभर में सर्वश्रेष्ठ रही।

उत्तर मध्य रेलवे का दबदबा केवल झांसी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय रेलवे के शीर्ष पांच मंडलों की सूची में उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों ने स्थान बनाया। इस सूची में आगरा मंडल तीसरे स्थान पर रहा जबकि प्रयागराज मंडल ने चौथा स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे के समग्र प्रयासों और कर्मचारियों की सीखने के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

कारखानों की श्रेणी में भी उत्तर मध्य रेलवे ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। सी.एम.एल.आर. (CMLR) ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जहां 84.35 प्रतिशत कर्मचारियों ने 4 घंटे से अधिक की लर्निंग पूरी की। वहीं झांसी कारखाने ने चौथा स्थान प्राप्त किया, जिसमें 79.16 प्रतिशत कर्मचारियों ने इस अभियान में भाग लेकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

इस पूरे अभियान को सफल बनाने में उत्तर मध्य रेलवे के कार्मिक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मान समारोह में भारतीय रेलवे की ओर से रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार तथा अपर सदस्य (मा.सं.)वी.जी. भूमा ने सम्मान प्राप्त किया। उत्तर मध्य रेलवे के लिए यह पुरस्कार प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मुदित चंद्रा एवं झांसी मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा ग्रहण किया गया।

उल्लेखनीय है कि मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आयोजित ?साधना? सप्ताह ने डिजिटल लर्निंग के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। देशभर में इस दौरान 3.18 करोड़ से अधिक कोर्स पूरे किए गए। उत्तर मध्य रेलवे के कर्मचारियों ने भी इसमें उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में ?एआई दक्ष? (AI Daksh) बैच प्राप्त कर कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी भविष्य की तकनीकों को अपनाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। उत्तर मध्य रेलवे की यह उपलब्धि कार्यकुशलता, सेवा गुणवत्ता और आधुनिक प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।