नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल का विशेष जागरूकता अभियान

नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल का विशेष जागरूकता अभियान

पत्थरबाजी व ट्रैक पर अवरोध रोकने को स्कूलों-गांवों में सामुदायिक पुलिसिंग, बच्चों को किया जा रहा जागरूक

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग (Community Policing Outreach) के तहत रेल सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रेलगाड़ियों पर पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक पर लोहे-लकड़ी या पत्थर के टुकड़े रखने जैसी घटनाओं की रोकथाम करना है, जिससे रेल संचालन सुरक्षित बना रहे।

रेल सुरक्षा से संबंधित रिपोर्टों के विश्लेषण में सामने आया है कि अधिकांश घटनाएं रेल लाइन के आसपास रहने वाले बच्चों द्वारा खेल-खेल में या उत्सुकतावश की जाती हैं। हालांकि यह कृत्य गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और इससे रेल दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इससे यात्रियों की जान-माल को खतरा, रेल संपत्ति को नुकसान और रेल संचालन बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऐसी घटनाओं में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है।

मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में चल रहा अभियान

यह अभियान मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में तथा सभी निरीक्षक प्रभारी अधिकारियों के नेतृत्व में निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत रेल लाइन के समीप स्थित शिक्षण संस्थानों, गांवों और कस्बों में जाकर बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्राम प्रधानों से संवाद स्थापित कर उन्हें रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

खेलकूद गतिविधियों से बच्चों को किया जा रहा प्रेरित

अभियान के दौरान बच्चों के लिए क्रिकेट, शतरंज, दौड़, चम्मच दौड़, ट्रे पासिंग जैसी खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि उन्हें सकारात्मक दिशा में प्रेरित किया जा सके। विजेताओं को पुरस्कार, सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार तथा खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है। साथ ही काउंसलिंग के माध्यम से बच्चों को रेल सुरक्षा का महत्व समझाया जा रहा है।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों को यह भी बताया जा रहा है कि रेलवे लाइन के पास जाना, पत्थर फेंकना या ट्रैक पर कोई वस्तु रखना न केवल खतरनाक है, बल्कि यह दंडनीय अपराध भी है। ऐसी गतिविधियां बच्चों के भविष्य पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं, इसलिए अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

कई जिलों में चलाया गया अभियान

दिनांक 16 अप्रैल 2026 से अब तक यह अभियान महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में सफलतापूर्वक संचालित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से सावनेर पब्लिक स्कूल (सावनेर), प्राथमिक शाला खिड़की (गोंदिया), शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज ब्रह्मपुरी, सिंधु हाई स्कूल एवं महाविद्यालय (पांचपावली, नागपुर), ग्राम खात (भंडारा), वडसा क्षेत्र, शासकीय विद्यालय खारा (बालाघाट), शासकीय जनसेवक स्कूल (छिंदवाड़ा), रेलवे स्कूल नैनपुर (मंडला) सहित छत्तीसगढ़ के शिवपुरी, बेलगांव और राजनांदगांव क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान लगातार जारी है।

RPF की अपील

रेलवे सुरक्षा बल ने सभी अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, गणमान्य नागरिकों और रेल यात्रियों से अपील की है कि यदि कहीं भी पत्थरबाजी, ट्रैक पर अवरोध या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत निकटतम रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

रेलवे सुरक्षा बल ने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।