विश्व धरोहर दिवस पर मोतीबाग नैरो गेज संग्रहालय में सांस्कृतिक व शैक्षणिक कार्यक्रमों की धूम

विश्व धरोहर दिवस पर मोतीबाग नैरो गेज संग्रहालय में सांस्कृतिक व शैक्षणिक कार्यक्रमों की धूम

चित्रकला प्रतियोगिता, क्विज और रोशनी से सजे स्टीम इंजन बने आकर्षण का केंद्र

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे), नागपुर मंडल द्वारा विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर मोतीबाग स्थित नैरो गेज संग्रहालय में विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 18 अप्रैल को संपन्न हुआ।

मोतीबाग नैरो गेज संग्रहालय में नैरो गेज रेलवे प्रणाली से संबंधित दुर्लभ स्टीम एवं डीजल लोकोमोटिव, यात्री कोच, मालवाहक वैगन तथा विभिन्न मॉडलों का उत्कृष्ट संग्रह प्रदर्शित है, जो भारतीय रेलवे की समृद्ध विरासत और ऐतिहासिक योगदान को दर्शाता है।

बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में दिखाया उत्साह

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए ?रेल धरोहर? विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए संग्रहालय परिसर में टॉय ट्रेन और विभिन्न खेल उपकरण भी उपलब्ध कराए गए, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहे।

रंग-बिरंगी रोशनी से सजे स्टीम इंजन

संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक स्टीम लोकोमोटिव को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे उनका स्वरूप और भी आकर्षक बन गया। रोशनी से जगमगाते ये लोकोमोटिव आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।

ऑन-द-स्पॉट क्विज में दिखा उत्साह

आगंतुकों के लिए ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और रेलवे धरोहर से जुड़े रोचक प्रश्नों के माध्यम से जानकारी हासिल की।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वय से कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य रेलवे की ऐतिहासिक धरोहर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नई पीढ़ी को भारतीय रेल के गौरवशाली अतीत से जोड़ना रहा।