मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने कार में लगी भीषण आग, अग्निशमन टीम ने समय रहते पाया काबू

मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने कार में लगी भीषण आग, अग्निशमन टीम ने समय रहते पाया काबू

सीएफओ डॉ. आर.के. पाण्डेय के निर्देशन में फायर ब्रिगेड ने टला बड़ा हादसा

मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते कार से तेज लपटें उठने लगीं और धुआं फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के निर्देशन में मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम में शामिल एलएफएम एस. कुमार ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।

अग्निशमन कर्मियों ने कुछ ही देर में कार में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि कार को भारी नुकसान पहुंचा है।

अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। मौके पर कुछ देर तक भीड़ जमा रही और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस द्वारा स्थिति सामान्य कराई गई।