नामित सभासदों का शपथ ग्रहण, विकास को लेकर दिया गया एकजुटता का संदेश।  

नामित सभासदों का शपथ ग्रहण, विकास को लेकर दिया गया एकजुटता का संदेश।


कृष्णा शर्मा

रसड़ा (बलिया)। स्थानीय आदर्श नगर पालिका परिषद रसड़ा में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तहत शासन द्वारा नामित पांच सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। नगर पालिका के प्रशासनिक कक्ष में आयोजित इस गरिमामय समारोह में एसडीएम रवि कुमार ने निर्मल पांडेय, सतीश सिंह, लवकुश मद्धेशिया, संदीप सोनी एवं माया देवी को विधिवत शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष विनय शंकर जायसवाल, सुरेश मौर्या सहित नगर पालिका के कर्मचारी, अन्य सभासद एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के उपरांत एसडीएम रवि कुमार ने सभी नव-नामित सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर के विकास और जनहित के कार्यों में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और रसड़ा को एक आदर्श नगर बनाने में सक्रिय सहयोग दें।
वहीं पालिकाध्यक्ष विनय शंकर जायसवाल ने भी सभी सभासदों से नगर के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सुंदरीकरण, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी का सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग और विकास के संकल्प के साथ हुआ।