कटड़ा में दोपहर बाद बारिश, 47 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना

कटड़ा। माता वैष्णो देवी के दरबार में शनिवार को मौसम ने दिनभर कई रंग दिखाए। सुबह के समय आसमान पूरी तरह साफ रहा और हेलिकॉप्टर सेवा दोपहर तक सुचारु रूप से चलती रही। हालांकि दोपहर बाद ठंडी हवा चलने के साथ बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते हेलिकॉप्टर सेवा को बंद कर दिया गया।

सप्ताहांत के चलते माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम 7:45 बजे तक करीब 47,000 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान किया। इसके बाद पंजीकरण कक्ष बंद कर दिए गए। प्रशासन के अनुसार पंजीकरण कक्ष रविवार तड़के चार बजे दोबारा खोले जाएंगे।

शनिवार को श्रद्धालु ?जय माता दी? के जयकारों के साथ यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए। मौसम में बदलाव के बावजूद घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं पूरे दिन सुचारु रूप से संचालित होती रहीं।

प्रशासन और श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम को देखते हुए यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और नियमों का पालन करें।