मध्य रेल पर 19 अप्रैल को मेगा ब्लॉक, हार्बर व ट्रांस-हार्बर लाइन की कई सेवाएं रहेंगी रद्द

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल में विभिन्न इंजीनियरिंग एवं रखरखाव कार्यों के लिए 19 अप्रैल (रविवार) को मेगा ब्लॉक संचालित किया जाएगा। यह मेगा ब्लॉक पनवेल-वाशी के बीच हार्बर लाइन तथा पनवेल-ठाणे के बीच ट्रांस हार्बर लाइन पर लागू रहेगा।

रेल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार मेगा ब्लॉक के दौरान कई लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हार्बर लाइन पर पनवेल से सीएसएमटी की ओर जाने वाली अप सेवाएं सुबह 10:33 बजे से दोपहर 15:49 बजे तक रद्द रहेंगी। वहीं सीएसएमटी से पनवेल/बेलापुर की ओर जाने वाली डाउन सेवाएं सुबह 09:45 बजे से दोपहर 15:12 बजे तक रद्द रहेंगी।

इसी प्रकार ट्रांस हार्बर लाइन पर पनवेल से ठाणे की ओर जाने वाली अप सेवाएं सुबह 11:02 बजे से दोपहर 15:53 बजे तक रद्द रहेंगी, जबकि ठाणे से पनवेल की ओर जाने वाली डाउन सेवाएं सुबह 10:01 बजे से दोपहर 15:20 बजे तक रद्द रहेंगी।

मध्य रेल ने बताया कि ब्लॉक अवधि के दौरान यात्रियों की सुविधा हेतु सीएसएमटी मुंबई-वाशी खंड पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। साथ ही ठाणे से वाशी/नेरुल स्टेशनों के बीच ट्रांस-हार्बर लाइन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अतिरिक्त पोर्ट लाइन सेवाएं भी ब्लॉक अवधि के दौरान संचालित रहेंगी।

रेल प्रशासन के अनुसार यह मेगा ब्लॉक बुनियादी ढांचे के रखरखाव एवं रेल संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए मध्य रेल ने खेद व्यक्त किया है और यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले ट्रेन की जानकारी लेकर ही स्टेशन पहुंचे।

डॉ. स्वप्नील निला मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल