पोषण पखवाड़ा-2026 के तहत मंडल अस्पताल अंबाला में आयोजित हुई फ्लेमलेस कुकिंग प्रतियोगिता

अंबाला। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे पोषण पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय, अंबाला में एक विशेष फ्लेमलेस कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ, संतुलित एवं पोषक आहार के प्रति जागरूक करना तथा सही खान-पान की आदतों को बढ़ावा देना था।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बिना आग का उपयोग किए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। प्रतिभागियों ने सलाद, फ्रूट डिश, हेल्दी स्नैक्स एवं अन्य पोषणयुक्त व्यंजन बनाकर अपनी रचनात्मकता और स्वास्थ्य के प्रति सजगता का परिचय दिया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता का मूल्यांकन अपर मंडल रेल प्रबंधक, अंबाला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अंबाला एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अंबाला द्वारा किया गया। अधिकारियों ने व्यंजनों के स्वाद, प्रस्तुति, स्वच्छता एवं पोषण मूल्य के आधार पर प्रतिभागियों का आंकलन किया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय, अंबाला द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पोषण पखवाड़ा के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रभावी साबित हुआ।