समदड़ी-मोदरान रेलखंड पर ट्रैक गति क्षमता में बढ़ोतरी, अब 110 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल संचालन को अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जोधपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले समदड़ी?भीलड़ी रेलखंड पर समदड़ी से मोदरान स्टेशन तक (किमी 0.00 से 93.690 तक) ट्रैक की गति क्षमता बढ़ा दी गई है। अब इस सेक्शन पर ट्रेनें 100 किमी प्रति घंटा की बजाय 110 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से संचालित की जा सकेंगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि समदड़ी से मोदरान तक सेक्शनल स्पीड को बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा अनुमोदित कर दिया गया है। यह सुधार रेलवे द्वारा किए गए व्यापक तकनीकी उन्नयन और संरचनात्मक कार्यों का परिणाम है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस रेलखंड पर सिग्नलिंग सिस्टम के अपग्रेडेशन, विद्युतीकरण, ट्रैक उन्नयन, तकनीकी सुधारों और अन्य आवश्यक कार्यों के चलते गति क्षमता में वृद्धि संभव हो पाई है। आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली के लागू होने से इस रूट पर ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय हो गया है। साथ ही कई स्थानों पर लगे गति प्रतिबंध भी हटाए गए हैं।

गति क्षमता बढ़ने से यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि इससे ट्रेनों के यात्रा समय में कमी आएगी और सफर अधिक तेज व सुविधाजनक होगा। इसके अलावा रेलवे संरक्षा मानकों को और मजबूती मिलेगी। रेलवे का मानना है कि इस सुधार के बाद इस रेलखंड पर लाइन क्षमता में वृद्धि होगी और भविष्य में अधिक ट्रेनों के संचालन की संभावना भी बढ़ जाएगी।

रेलवे ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण बताया है। इस उपलब्धि से सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे की यह पहल रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।