पुलिस एनकाउंटर में गैंगस्टर का गुर्गा घायल, अस्पताल में भर्ती

श्रीगंगानगर जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर यादव के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के गुर्गे और हिस्ट्रीशीटर संजीव का सदर थाना पुलिस से मुठभेड़ के दौरान एनकाउंटर हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में संजीव के पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है।

ऐसे हुआ आमना-सामना....

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी संजीव बाइक पर सवार होकर रिक्को पुल के पास पहुंचा था। इसी दौरान सदर थाना पुलिस की टीम ने उसे घेर लिया। खुद को घिरा देख संजीव ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक गोली संजीव के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड....

घायल हिस्ट्रीशीटर संजीव हिंदुमलकोट क्षेत्र का रहने वाला है। उस पर पहले भी रंगदारी के मामलों में फायरिंग करने के गंभीर आरोप दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह कुख्यात गैंगस्टर आरजू बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है।

इलाके में अलर्ट, जांच जारी....

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। एसपी हरी शंकर यादव ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच में जुटी है। आरोपी से पूछताछ के बाद गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों के बारे में भी खुलासा होने की उम्मीद है।