श्रीगंगानगर में पत्रकार पर हमला, सोलर कंपनी पर गंभीर आरोप

श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान क्षेत्र में निजी सोलर कंपनी को लेकर चल रहा विवाद अब और ज्यादा गंभीर हो गया है। मिडिया में खबरें प्रसारित होने के बाद कथित रूप से सोलर कंपनी से जुड़े लोगों द्वारा पत्रकार पर हमला करने का मामला सामने आया है।

जानकारी अनुसार सादुलशहर से एक इलेक्ट्रोनिक मिडिया के रिपोर्टर को सूचना मिली थी कि गांव 8 एलएलजी क्षेत्र में निजी सोलर कंपनी द्वारा बिना अनुमति खेतों में खंभे गाड़े जा रहे हैं और तारें खींची जा रही हैं। इसके लिए लोगों की आस्था का प्रतीक वृक्ष खेजड़ी सहित अन्य पेड़ों की कटाई भी की गई है।
जब रिपोर्टर मौके पर कवरेज करने पहुंचे तो वहां मौजूद ठेकेदार के लोगों और बाउंसरों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसी दौरान गांव गणेशगढ़ निवासी राकेश शर्मा पुत्र श्यामसुंदर शर्मा जो एचडीएफसी बैंक में निजी कर्मचारी बताया जा रहा है ने उक्त क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन कार्य का ठेका लिए हुए है वह फावड़ा लेकर रिपोर्टर के पीछे दौड़ा और हमला करने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि रिपोर्टर को गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकियां भी दी गई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत लालगढ़ जाटान पुलिस थाना प्रभारी गुरमेल सिंह को दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पत्रकार संगठनों में भारी आक्रोश पनप रहा है। पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं किसानों में पहले से ही सोलर कंपनी की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बनी हुई है।
गौरतलब है कि इसी विवाद को लेकर हाल ही में पूर्व विधायक जगदीश जांगिड़ भी किसानों के बीच पहुंचे थे और उन्होंने मामले को जिला कलेक्टर तक ले जाने का आश्वासन दिया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या पत्रकारों व किसानों को न्याय मिल पाता है। या फिर निजी सोलर कंपनी ठेकेदारों और शासन-प्रशासन के मनसूबे फिर कोई नया गुल खिलाएंगे।