पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि, 135वीं जयंती पर हुआ कार्यक्रम

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल पर भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्म दिवस के अवसर पर बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक सभा कक्ष में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्मिक विभाग के तत्वावधान में किया गया।

समारोह में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित मंडल के शाखा अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा रेल कर्मचारियों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि बाबा साहेब न्यायविद, अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और भारतीय संविधान के मुख्य वास्तुकार के रूप में आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन यह संदेश देता है कि प्रगति और सम्मान हर व्यक्ति का अधिकार है, जबकि समानता और सेवा राष्ट्र निर्माण के मजबूत स्तंभ हैं।

सुश्री सिन्हा ने बताया कि डॉ. अंबेडकर वंचित वर्गों के उत्थान के लिए बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास की शक्ति में विश्वास रखते थे। उन्होंने कहा कि आज रेलवे भी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए बिना किसी भेदभाव के प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विजय कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी बबलु, एससी/एसटी एसोसिएशन एवं अन्य यूनियन पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर शिक्षा की शक्ति में दृढ़ विश्वास रखते थे और उन्होंने जातिगत बेड़ियों को तोड़कर सामाजिक सुधार व समान अधिकारों के माध्यम से वंचित वर्गों के उत्थान पर जोर दिया।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि बाबा साहेब की भूमिका के बिना भारत को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में स्थापित करना कठिन होता। उन्होंने महिलाओं के अधिकार और विकास के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किया।

कार्यक्रम में बाबा साहेब के मूल मंत्र ?शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो? को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने किया।