मां वैष्णो देवी यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, कटड़ा से भवन तक गूंजे जयकारे

कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल मां वैष्णो देवी की यात्रा इन दिनों पूरे शबाब पर है। रविवार को आधार शिविर कटड़ा से लेकर भवन परिसर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हर तरफ मां के जयकारों की गूंज और श्रद्धालुओं का उत्साह नजर आया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

सुबह से ही कटड़ा के पंजीकरण काउंटरों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। वहीं नए ताराकोट मार्ग के प्रवेश द्वार पर भी सुरक्षा जांच और पंजीकरण प्रक्रिया के चलते यात्रियों को कतार में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। इसके साथ ही दर्शनी डियोड़ी पर भी जांच के लिए श्रद्धालुओं की लाइनें लगी रहीं और श्रद्धालु धीरे-धीरे भवन की ओर बढ़ते रहे।

भवन परिसर में भी लंबी कतारें

मां वैष्णो देवी भवन परिसर में दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें दिनभर आगे बढ़ती रहीं। मौसम में सुधार के चलते दिनभर धूप खिली रही, हालांकि ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे यात्रा का वातावरण सुहावना बना रहा और श्रद्धालुओं को राहत मिली।

सुरक्षा व सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल के जवान यात्रा मार्गों और प्रमुख स्थलों पर तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यात्रा संचालन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा सुचारु बनी रहे।

कटड़ा बाजारों में भी रौनक

दर्शन के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार में प्रसाद और धार्मिक सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। इससे स्थानीय बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आई।

श्रद्धालुओं का आंकड़ा

आंकड़ों के अनुसार शनिवार 11 अप्रैल को करीब 47 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। वहीं रविवार 12 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक लगभग 34 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।

श्राइन बोर्ड, प्रशासन और पुलिस विभाग यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं और यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।