अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर अलीगढ़ में शोक परेड, शहीद अग्निशमन कर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि

अलीगढ़। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर बन्नादेवी अग्निशमन केंद्र, अलीगढ़ में शोक परेड का आयोजन किया गया।
इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में फायर कर्मियों द्वारा शोक परेड फॉल-इन कर शहीद अग्निशमन पदाधिकारियों एवं कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा 02 मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक अग्निशमन कर्मी द्वारा अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करना ही शहीद कर्मियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने सभी कर्मियों से अपेक्षा की कि वे अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें।
इस अवसर पर अग्निशमन अधिकारी बन्नादेवी संजीव कुमार सिंह, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी तालानगरी फरमान सहित उपस्थित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने शहीद कर्मियों की स्मृति में मौन धारण किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत अग्निशमन वाहनों को फायर रैली के रूप में हरी झंडी दिखाकर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस रैली के माध्यम से फायर सर्विस मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से प्राप्त पंपलेट जनता में वितरित कर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया।
इसके साथ ही सीएफओ मुकेश कुमार द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ सहित अन्य उच्च अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पिन फ्लैग लगाए गए। फायर कर्मियों ने आमजन को आग से बचाव के उपाय बताए और पंपलेट वितरित कर जन जागरूकता अभियान को आगे भी चलाया जाएगा।