अलीगढ़। डीएम की अध्यक्षता में व्यापार बंधुओं की बैठक, एमएलसी तारिक मंसूर और सीएफओ मुकेश कुमार भी रहे मौजूद

डीएम की अध्यक्षता में व्यापार बंधुओं की बैठक, एमएलसी तारिक मंसूर और सीएफओ मुकेश कुमार भी रहे मौजूद

अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापारियों को किया जागरूक, जन-धन सुरक्षा पर दिया विशेष जोर

अलीगढ़। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 08 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी अलीगढ़ की अध्यक्षता में उद्योग/व्यापार बंधुओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार मंडल अलीगढ़ के पदाधिकारियों को अग्नि सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की गई।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अलीगढ़ के एमएलसी तारिक मंसूर भी उपस्थित रहे। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और व्यापारिक संगठन मिलकर यदि जागरूकता बढ़ाएं तो आगजनी जैसी घटनाओं को रोका जा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं में वृद्धि की संभावना रहती है, ऐसे में सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने व्यवसायिक भवनों, अपार्टमेंट, अस्पताल एवं अन्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा आग से जन-धन की सुरक्षा हेतु निम्न बिंदुओं को अपनाने का सुझाव दिया गया

मानचित्र स्वीकृति के अनुसार ही निर्माण व संचालन किया जाए तथा घनी आबादी और संकरी गलियों में व्यवसायिक गतिविधियों से बचा जाए।

ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण किसी भी स्थिति में न किया जाए।

प्रत्येक तल पर कम से कम दो निकास द्वार/सीढ़ियां अनिवार्य रूप से हों, बड़े भवनों में कवर्ड एरिया के अनुसार निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

भवनों में ज्वलनशील इंटीरियर एवं डेकोरेशन सामग्री का प्रयोग न किया जाए।

निर्माण से पूर्व भवन का मानचित्र वैध आर्किटेक्ट से तैयार कराया जाए तथा अग्निशमन व्यवस्था तकनीकी रूप से सक्षम फर्म द्वारा ही स्थापित कराई जाए।

विद्युत वायरिंग व उपकरणों की गुणवत्ता मानक अनुरूप हो तथा विद्युत विभाग से वायरिंग का ऑडिट कराकर अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में यह भी बताया गया कि आग लगने की स्थिति में एक सुनियोजित कार्ययोजना के तहत तत्काल कार्रवाई कर आग पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सकता है।

एमएलसी तारिक मंसूर ने कहा कि व्यापारियों को अपनी दुकानों, गोदामों और व्यावसायिक परिसरों में फायर सेफ्टी उपकरण जैसे फायर सिलेंडर, अलार्म सिस्टम और आपातकालीन निकास की व्यवस्था अवश्य करनी चाहिए।

बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा जनहित में अग्नि सुरक्षा नियमों को गंभीरता से अपनाने का आश्वासन दिया।