अहमदाबाद मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मिला सम्मान

अहमदाबाद मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मिला सम्मान

मंडल रेल प्रबंधक ने मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

अहमदाबाद। रेल संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले अहमदाबाद मंडल के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।13 अप्रैलको मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश द्वारा कर्मचारियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा समय रहते सतर्कता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए गंभीर घटनाओं को रोका गया, जिससे रेल संचालन सुरक्षित बना रहा तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।

वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मीणा ने बताया कि पुरस्कार प्राप्त कर्मचारियों का यह कार्य यह दर्शाता है कि सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से बड़ी से बड़ी दुर्घटनाओं को भी रोका जा सकता है।

पुरस्कार प्राप्त कर्मचारियों का विवरण

1.विपुल कुमार कोटवाला (पॉइंट्समैन, कटारिया ? परिचालन विभाग)

दिनांक 11.11.2025 को ड्यूटी के दौरान उन्होंने चलती ट्रेन के एक वैगन में हॉट एक्सल की स्थिति को पहचानकर तुरंत सतर्कता दिखाई। उन्होंने संबंधित रेलकर्मियों को जानकारी देकर ट्रेन को सुरक्षित रूप से रुकवाया और स्टेशन स्टाफ के सहयोग से त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया। उनकी सजगता से संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।

2.आकाश मेहता (JE/C&W, साबरमती ? यांत्रिक विभाग)

आरओएच निरीक्षण के दौरान उन्होंने BLCS वैगन के सेंटर सिल में गंभीर संरचनात्मक दरार की पहचान की। उन्होंने डीपीटी (Dye Penetrant Testing) के माध्यम से जांच कर दरार का निराकरण सुनिश्चित किया। उनकी तकनीकी दक्षता से संभावित बड़ी दुर्घटना रोकी जा सकी।

3.किशन एच. ठाकुर (MCF/C&W, साबरमती ? यांत्रिक विभाग)

उन्होंने निरीक्षण के दौरान BLC वैगन के सेंटर सिल में दरार की जानकारी अधिकारियों को दी। संयुक्त निरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समय रहते सुधारात्मक कार्य कराया गया, जिससे रेल सुरक्षा को मजबूती मिली।

4.प्रीतम शर्मा (Fitter-1/C&W, साबरमती ? यांत्रिक विभाग)

आरओएच निरीक्षण के दौरान उन्होंने संदिग्ध वैगन में दरार का पता लगाकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके फलस्वरूप त्वरित कार्रवाई कर निराकरण किया गया और गंभीर संरचनात्मक क्षति के समय रहते समाधान से रेल सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

रेल प्रशासन ने कहा कि अहमदाबाद मंडल द्वारा ऐसे सतर्क एवं कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों को सम्मानित करना संगठन में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंडल भविष्य में भी संरक्षा, दक्षता और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को निरंतर बढ़ावा देता रहेगा।