वैसाखी मेले पर रेलवे की खास व्यवस्था, फिरोजपुर कैंट-हुसैनीवाला के बीच चलेंगी 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

फिरोजपुर। हुसैनीवाला में सतलुज ब्रिज के पास हर वर्ष आयोजित होने वाले प्रसिद्ध वैसाखी मेले के अवसर पर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा 14 अप्रैल 2026 को फिरोजपुर कैंट और हुसैनीवाला के बीच 6 जोड़ी वैसाखी मेला स्पेशल रेलगाड़ियां चलाने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, वैसाखी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री हुसैनीवाला पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे आसानी से मेले में शामिल हो सकें।

फिरोजपुर कैंट से हुसैनीवाला के लिए स्पेशल ट्रेनें सुबह 09:00 बजे, 10:30 बजे, 11:55 बजे, दोपहर 13:50 बजे, 15:30 बजे और शाम 17:00 बजे रवाना होंगी। वहीं वापसी में हुसैनीवाला से फिरोजपुर कैंट के लिए ट्रेनें सुबह 09:40 बजे, 11:10 बजे, दोपहर 12:45 बजे, 14:40 बजे, शाम 16:20 बजे और 18:00 बजे चलाई जाएंगी।

रेलवे ने बताया कि ये सभी वैसाखी मेला स्पेशल ट्रेनें मार्ग में फिरोजपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ठहरेंगी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें और समय पर स्टेशन पहुंचकर सुरक्षित यात्रा करें।