टीटीई की ईमानदारी से महिला यात्री का खोया पर्स सुरक्षित मिला, महत्वपूर्ण दस्तावेज बचाए

जोधपुर। भारतीय रेलवे में कर्मचारियों की ईमानदारी का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। 12 अप्रैल को गाड़ी संख्या 22996 मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रही महिला यात्री ज्योति झा जयपुर स्टेशन पर उतरते समय अपना पर्स कोच ए-1 की सीट संख्या 17 पर भूल गईं।
महिला यात्री के अनुसार पर्स में कई कीमती और जरूरी सामान मौजूद थे, जिनमें कॉन्टैक्टलेस (वाई-फाई) क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ईयरबड्स, कॉस्मेटिक सामग्री और उनकी माता द्वारा दिया गया भावनात्मक महत्व का रुद्राक्ष की माला शामिल थी। पर्स खो जाने से यात्री काफी परेशान हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही जोधपुर मंडल के टीटीई विक्रम सिंह उज्जवल ने तत्परता दिखाते हुए पर्स को सुरक्षित तलाश कर लिया और पूरी ईमानदारी के साथ महिला यात्री को वापस सौंप दिया। पर्स वापस मिलने पर महिला यात्री ने राहत की सांस ली और टीटीई का आभार व्यक्त किया।
इस संबंध में सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की सजगता और ईमानदारी यात्रियों के विश्वास को मजबूत बनाती है। वहीं यात्री ने कहा कि ऐसे जिम्मेदार और ईमानदार कर्मचारियों की वजह से भारतीय रेलवे पर यात्रियों का भरोसा और भी बढ़ता है।