जोधपुर मंडल में 10 दिन में तीन जलमार्ग पुल लॉन्च, ट्रैक कार्य से बढ़ी यात्री सुरक्षा

जोधपुर। जोधपुर मंडल में रेल संरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन में पाली-बोमादरा खंड पर ब्रीच स्थलों पर स्थित तीन जलमार्ग पुलों (96ए, 96बी व 99बी) का निर्माण व लॉन्चिंग कार्य मात्र 10 दिनों में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इससे ट्रैक की मजबूती बढ़ेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलेगी।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पुलों पर तैयार किए गए स्टील गर्डर को ट्रैक के माध्यम से लाकर आधुनिक ?एयर पुशिंग? तकनीक से निर्धारित स्थान पर बेहद सटीकता के साथ स्थापित किया गया। इसके बाद उन्हें मजबूती से फिक्स किया गया, जिससे पुल पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर हो सके। तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण इस कार्य को निर्धारित समय में सावधानीपूर्वक पूरा किया गया।

इसके साथ ही ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा बढ़ाने के लिए टी-28 मशीन से थ्रू टर्नआउट रिन्यूअल (TTR) कार्य भी किया गया। इसके तहत पाली यार्ड में 3 तथा रोहट यार्ड में 2 पुराने टर्नआउट हटाकर नए, अधिक मजबूत और आधुनिक टर्नआउट लगाए गए। यह कार्य वरिष्ठ मंडल अभियंता (ट्रैक) ललित कुमार एवं सहायक मंडल अभियंता (मुख्यालय) शैलेन्द्र शर्मा के निर्देशन में त्वरित गति से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

रेल प्रशासन के अनुसार इन कार्यों से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के दिनों में पानी जमा नहीं होने से ट्रैक सुरक्षित रहेगा। इससे ट्रेन संचालन अधिक सुगम, समयपालनता में सुधार और यात्रियों को आरामदायक व सुरक्षित यात्रा अनुभव मिलेगा।

डीआरएम ने इस कार्य को बेहतर योजना, समन्वय और टीमवर्क का परिणाम बताते हुए इसे सुरक्षित रेल संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया।