दिनदहाड़े 17 लाख की लूट, 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

आलापुर (अंबेडकर नगर) | जनपद के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिडहर घाट पुलिस चौकी के पास बदमाशों ने करीब 17 लाख रुपये लूट लिए और 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

जानकारी के अनुसार, नेवारी दुराजपुर निवासी कपड़ा व्यापारी मो. रईस और उनके साथी मुंडेरा निवासी मो. जलाल कहीं जा रहे थे, तभी कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर दोनों से नकदी लूट ली। इस दौरान मो. जलाल के सिर पर तमंचे की बट से हमला किया गया, जबकि मो. रईस के साथ मारपीट कर उनके पैर के पास फायरिंग की गई, जिससे वे घायल हो गए।

घटना के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दहशत के कारण कोई भी राहगीर पीड़ितों की मदद के लिए आगे नहीं आया।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब घायल पीड़ित मदद के लिए नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला। इससे पुलिस की तत्परता और मौजूदगी पर सवाल उठने लगे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नवागत पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है।

इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज लूट का खुलासा कब तक कर पाती है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह लंबित रह जाता है।