अजमेर स्टेशन पर सेफ्टी सेमिनार का आयोजन, ‘संरक्षा सभा/काउंसलिंग कक्ष’ का हुआ शुभारंभ

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अजमेर रेलवे स्टेशन पर एक सेफ्टी सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करना रहा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार, यह सेफ्टी सेमिनार मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भारती भारद्वाज सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सेमिनार के दौरान रेल संचालन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए ?संरक्षा संवाद? आयोजित किया गया। इसमें मानवीय भूलों को कम करने, ट्रैक सुरक्षा, सिग्नल प्रणाली के प्रभावी उपयोग तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों के सुझाव भी सुने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अजमेर स्टेशन पर ?संरक्षा सभा/परामर्श (काउंसलिंग) कक्ष? का उद्घाटन

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अजमेर स्टेशन पर नवनिर्मित ?संरक्षा सभा/परामर्श (काउंसलिंग) कक्ष? का उद्घाटन किया गया। इसका विधिवत शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने किया।

इस कक्ष का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों को संरक्षा नियमों के प्रति निरंतर जागरूक रखना, समय-समय पर उन्हें नियमों की अपडेट जानकारी देना और तनावमुक्त माहौल में उन्हें परामर्श (काउंसलिंग) प्रदान करना है। यह कक्ष सुरक्षित रेल संचालन के लिए एक समर्पित केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे में संरक्षा सर्वोपरि है। कर्मचारियों से सीधा संवाद और उचित काउंसलिंग से मानवीय भूलों की संभावना कम होगी, जिससे रेल यात्रा और अधिक सुरक्षित बनेगी।

रेल प्रशासन का मानना है कि यह पहल रेल सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ कर्मचारियों में जिम्मेदारी और सतर्कता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।