जवाई बांध रेलवे स्टेशन का नाम बदला, अब कहलाएगा ‘सुमेरपुर जवाई बांध’

जवाई बांध रेलवे स्टेशन का नाम बदला, अब कहलाएगा 'सुमेरपुर जवाई बांध'

स्टेशन कोड भी बदला, JWB की जगह अब SJWB होगा नया कोड

अजमेर। यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय मांग को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल के अंतर्गत आने वाले 'जवाई बांध' रेलवे स्टेशन के नाम में परिवर्तन कर दिया गया है। अब यह स्टेशन 'सुमेरपुर जवाई बांध' के नाम से जाना जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने जानकारी देते हुए बताया कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्टेशन के नाम में संशोधन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में रेलवे द्वारा आधिकारिक परिपत्र भी जारी कर दिया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार स्टेशन के नाम के साथ-साथ स्टेशन का कोड भी बदला गया है। अब तक स्टेशन कोड JWB था, जिसे बदलकर SJWB कर दिया गया है।

बताया गया कि स्टेशन के संशोधित नाम और कोड को रेलवे की सभी प्रमुख प्रणालियों जैसे पीआरएस (Passenger Reservation System) और यूटीएस (Unreserved Ticketing System) सहित अन्य डेटाबेस में अपडेट किया जा रहा है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। अब भविष्य में होने वाले सभी आधिकारिक पत्राचार, टिकटिंग, सूचना बोर्ड एवं रेलवे दस्तावेजों में स्टेशन का नया नाम 'सुमेरपुर जवाई बांध' ही दर्ज किया जाएगा।

रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को स्टेशन की पहचान करने में आसानी होगी और क्षेत्र की भौगोलिक पहचान भी और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।