उत्तर पश्चिम रेलवे ने रचा कीर्तिमान, वित्तीय वर्ष 2025-26 में हासिल किया सर्वश्रेष्ठ ऑपरेटिंग रेशियो

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए परिचालन अनुपात (ऑपरेटिंग रेशियो) के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आय एवं व्यय में संतुलन बनाए रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस वर्ष 99.56 प्रतिशत का परिचालन अनुपात दर्ज किया है, जो रेलवे के लिए एक अभूतपूर्व उपलब्धि मानी जा रही है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मार्च 2026 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तर पश्चिम रेलवे का परिचालन अनुपात 99.56 प्रतिशत रहा। जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह अनुपात 106.51 प्रतिशत था। रेलवे बोर्ड द्वारा उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए इस वर्ष 102.36 प्रतिशत का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे रेलवे ने बेहतर प्रदर्शन कर पार कर लिया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संभव हो पाई है। संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग, योजनाबद्ध संचालन और कार्यप्रणाली में सुधार के चलते रेलवे ने अपने परिचालन व्यय को नियंत्रित करते हुए आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर राजस्व बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप यात्री एवं माल परिवहन दोनों क्षेत्रों में रेलवे की पहचान और मजबूती बढ़ी है।

महाप्रबंधक अमिताभ के नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे ने न केवल राजस्व अर्जन में उल्लेखनीय प्रगति की है, बल्कि यात्रियों को सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में उत्तर पश्चिम रेलवे को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।