खैरथल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से बढ़ेंगे आर्थिक अवसर, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

खैरथल। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में स्थित खैरथल रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक स्तर पर पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन का नया स्वरूप स्थानीय कला और आधुनिक डिजाइन का आकर्षक मिश्रण प्रस्तुत करता है। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस पुनर्विकास से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।

खैरथल अलवर जिले का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां बड़ी अनाज और सब्जी मंडी स्थित है। यह स्टेशन आसपास के क्षेत्रों किशनगढ़ बास, तिजारा और खैरथल के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी पॉइंट रहा है। वर्तमान में खैरथल स्टेशन पर 46 ट्रेनों का ठहराव है और यहां से औसतन प्रतिदिन करीब 4830 यात्री यात्रा करते हैं।

रेलवे प्रशासन द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 12.79 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाया गया है। स्टेशन भवन का पूर्ण रूप से नवीनीकरण किया गया है तथा भवन के सामने पोर्च का निर्माण भी किया गया है। सर्कुलेटिंग क्षेत्र में सुविधा क्षेत्र को 1200 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 3600 वर्ग मीटर कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार की व्यवस्था की गई है। साथ ही दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग का भी प्रावधान किया गया है।

यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया गया है, जिसमें रैंप और कवरिंग शेड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मौजूदा प्लेटफॉर्म शेल्टरों में 150 वर्ग मीटर का विस्तार किया गया है, जबकि प्लेटफॉर्म की 4197 वर्ग मीटर सतह को नवीनीकृत किया गया है। स्टेशन भवन के अंदर 300 वर्ग मीटर क्षेत्र में कलात्मक चित्रों का निर्माण कर स्टेशन को आकर्षक रूप दिया गया है।

खैरथल स्टेशन पर नए प्रतीक्षा कक्ष बनाए गए हैं और आधुनिक फिटिंग के साथ मौजूदा शौचालय ब्लॉकों का भी नवीनीकरण किया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें हेल्प बूथ, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, वाटर बूथ, रैंप, टिकट विंडो, साइन बोर्ड और बैठने की व्यवस्था शामिल है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि खैरथल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से आसपास के क्षेत्र की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा। स्टेशन के आधुनिक स्वरूप से यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही इस परिवहन केंद्र के विकास से व्यापार, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक अवसरों में वृद्धि के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।