जम्मू मंडल में ‘RailOne’ ऐप को लेकर जागरूकता अभियान, यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ा जा रहा

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में यात्रियों को डिजिटल माध्यमों से अधिक सुविधा, पारदर्शिता और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रेलवे द्वारा संचालित "RailOne" ऐप की उपयोगिता बढ़ाने और यात्रियों को इसके लाभों से जोड़ने के लिए जम्मू मंडल में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल के निर्देशन में यह अभियान 06 अप्रैल से 21 दिनों के लिए शुरू किया गया है। अभियान के अंतर्गत जम्मू मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पठानकोट कैंट, पठानकोट सिटी, जम्मू, श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर में यात्रियों को "RailOne"ऐप के उपयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही जम्मू के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों और शिक्षकों को ऐप की सुविधाओं से अवगत कराया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रेलवे की विभिन्न सेवाओं से परिचित कराना और उनकी यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाना है। अभियान के दौरान वाणिज्य विभाग के कर्मचारी स्टेशन परिसरों में यात्रियों से सीधे संवाद कर रहे हैं और ऐप के लाभों की जानकारी दे रहे हैं।

रेलवे द्वारा कई स्टेशनों पर"RailOne"ऐप कैंप भी लगाए गए हैं। इन कैंपों में यात्रियों के मोबाइल में ऐप डाउनलोड और इंस्टॉल करवाने के साथ-साथ पंजीकरण प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। विशेष रूप से बुजुर्ग और तकनीकी रूप से कम जागरूक यात्रियों को सरल भाषा में ऐप चलाने की जानकारी दी जा रही है, ताकि वे भविष्य में बिना किसी सहायता के इसका उपयोग कर सकें।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि "RailOne" ऐप के जरिए यात्रियों को अब अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप रखने की आवश्यकता नहीं होगी। इस ऐप से ट्रेन की लाइव स्थिति, पीएनआर जांच, कोच पोजीशन की जानकारी, यात्रा के दौरान सफाई-पानी-सुरक्षा संबंधी शिकायत दर्ज करने, अनारक्षित और आरक्षित टिकट बुकिंग के साथ-साथ ई-कैटरिंग के जरिए भोजन ऑर्डर करने जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे का लक्ष्य डिजिटल सेवाओं को अंतिम यात्री तक पहुंचाना है।"RailOne"ऐप यात्रियों के लिए एक डिजिटल साथी की तरह है। जम्मू मंडल में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए यह ऐप उनकी यात्रा को व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यात्रियों ने भी रेलवे की इस पहल का स्वागत किया है। जम्मू, कटरा, श्रीनगर और पठानकोट स्टेशन पर मौजूद कई यात्रियों ने बताया कि रेलवे स्टाफ द्वारा ऐप इंस्टॉल करवाने से उन्हें अब यात्रा से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में आसानी हो रही है। यात्रियों ने रेलवे से अनुरोध किया कि इस ऐप के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए, जिससे यात्रा के दौरान सुविधाएं और बेहतर हो सकें।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल