यात्रियों को बड़ी राहत: जम्मू राजधानी एक्सप्रेस में 3एसी का अतिरिक्त कोच जोड़ा गया

यात्रियों को बड़ी राहत: जम्मू राजधानी एक्सप्रेस में 3एसी का अतिरिक्त कोच जोड़ा गया

भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए जम्मू मंडल का फैसला

जम्मू। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेल प्रशासन ने ट्रेन संख्या 12425/12426 (राजधानी एक्सप्रेस) में यात्रियों की सुविधा के लिए 3एसी श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच अस्थायी रूप से जोड़ने का फैसला किया है। इस कदम से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12426 (राजधानी एक्सप्रेस) में यह अतिरिक्त 3एसी कोच 11 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक लगाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों और पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हो जाती है, जिससे ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है। उन्होंने कहा, "यात्रियों की सुविधा और उनकी मांग को प्राथमिकता देते हुए राजधानी एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया गया है।"

रेल प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे इस अतिरिक्त कोच में बर्थ की उपलब्धता की जानकारी और टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी रेलवे रिजर्वेशन काउंटर के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

रेलवे के इस निर्णय से राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक जम्मू मंडल