श्राइन बोर्ड का बड़ा कदम: 13 से अधिक SHGs को मिला प्रसाद सामग्री सप्लाई का मौका, 500 महिलाओं को रोजगार

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। श्राइन बोर्ड ने 13 से अधिक स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को प्रसाद में इस्तेमाल होने वाली धार्मिक सामग्री की सप्लाई के लिए शामिल किया है। अब ये समूह रक्षा सूत्र और मौली जैसी महत्वपूर्ण वस्तुओं की आपूर्ति करेंगे।

यह निर्णय श्राइन बोर्ड की 76वीं बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर के माननीय उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा ने की। बैठक में तय किया गया था कि श्राइन बोर्ड अपनी खरीद प्रक्रिया में SHGs, महिलाओं और स्थानीय युवा उद्यमियों को प्राथमिकता देगा, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर बढ़ाए जा सकें।

श्राइन बोर्ड के अनुसार, प्रत्येक SHG में करीब 30 से 35 महिलाएं शामिल हैं और कुल मिलाकर इस पहल से 450 से 500 महिलाएं सीधे तौर पर जुड़ी हैं। इससे महिलाओं को नियमित आय मिलेगी और परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य ने कहा कि SHGs को सप्लाई चेन से जोड़ने का मकसद उन्हें स्थायी आमदनी देना है, साथ ही पारंपरिक कौशल और स्थानीय कारीगरी को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने बताया कि रक्षा सूत्र और मौली जैसी धार्मिक वस्तुओं की आपूर्ति से प्रसाद की शुद्धता और प्रामाणिकता भी बनी रहेगी।

श्राइन बोर्ड ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में इन SHGs को करीब 3.50 करोड़ रुपये के आय अवसर उपलब्ध कराए गए। आगे आने वाले समय में और अधिक SHGs को जोड़ा जाएगा, जिससे लगभग 1500 महिलाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।

श्राइन बोर्ड ने साफ किया कि यह पहल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और समुदाय आधारित विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।