पूर्व माध्यमिक विद्यालय कैंथोली में विदाई समारोह का आयोजन, नव प्रवेशी छात्रों का भव्य स्वागत

खेरागढ़। विकास खण्ड खेरागढ़ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय कैंथोली में सोमवार को एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं को भावभीनी विदाई दी गई। साथ ही नव प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षाफल के अंकपत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इंस्पायर अवार्ड के लिए चयनित छात्रों, शैक्षिक सत्र 2025-26 में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों तथा प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड, बैग, पेंसिल बॉक्स एवं अन्य उपयोगी पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका वंदना राजपूत एवं प्राथमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका शीतल के साथ शिक्षकगण सूरज शर्मा, उमा शर्मा, दलवीर सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह एवं लोकेन्द्र सिंह राजपूत भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं भावुक वातावरण के बीच हुआ।