वृद्धाश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 220 बुजुर्गों का परीक्षण — 90 को मिले चश्मे

आगरा। सृजन फाउंडेशन के तत्वावधान में सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 220 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 90 जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए।

शिविर का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर, एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

मुख्य अतिथि हेमलता दिवाकर ने कहा कि वृद्धाश्रम में इस तरह के सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय हैं और समाज को ऐसे संस्कार देने चाहिए जिससे माता-पिता को वृद्धाश्रम भेजने की नौबत ही न आए। वहीं डॉ. प्रशांत गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए मानव सेवा को ही सच्ची ईश्वर सेवा बताया।

वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव बंसल ने गुरु गोविंद सिंह के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया, जबकि संस्था अध्यक्ष अदिति कात्यायन ने समाज के कमजोर वर्ग की सेवा को जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य बताया।

शिविर में सामान्य, नेत्र एवं दंत रोगों की जांच के साथ दवा वितरण भी किया गया। चिकित्सकों की टीम में डॉ. अर्पित गुप्ता, डॉ. विशाल बैंसला, डॉ. अनुज सुब्बा और डॉ. अक्षिता शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उल्लेखनीय है कि रामलाल वृद्धाश्रम में कुल 395 बुजुर्ग निवास करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे। इंडोनेशिया से आई आईना ने भी भारतीय सेवा परंपरा की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्रुति सिन्हा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अदिति कात्यायन ने दिया।