जम्मू मंडल की पहल: यात्रियों की सुविधा हेतु कटड़ा-बनिहाल के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर सड़क यातायात प्रभावित होने के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और बनिहाल के बीच विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे प्रशासन द्वारा यह ट्रेन दिनांक 9 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच संचालित की जाएगी। यह कदम उन यात्रियों और पर्यटकों के लिए राहत लेकर आया है, जो सड़क मार्ग बाधित होने के कारण विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 04689 (श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से बनिहाल) सुबह 10:10 बजे कटड़ा से रवाना होकर 12:20 बजे बनिहाल पहुंचेगी।

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04690 (बनिहाल से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा) दोपहर 2:00 बजे बनिहाल से प्रस्थान कर शाम 5:00 बजे कटड़ा पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन का ठहराव मार्ग में संगलदान और रियासी रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में रहेगा।

इस संबंध में जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि खराब मौसम और भारी बारिश के कारण सड़क सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कटड़ा और बनिहाल के बीच कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए यह विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाई जा रही है, जिससे हजारों यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, डायल 139 और NTES के माध्यम से जानकारी प्राप्त करें।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल