बारिश और खराब मौसम में भी जारी मां वैष्णो देवी यात्रा, हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित होने से श्रद्धालुओं की बढ़ी परेशानी

कटड़ा। खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के बावजूद मां वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा मंगलवार को भी श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रही। पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही और त्रिकूट पर्वत पर घने बादलों का जमाव बना रहा, जिससे यात्रा मार्ग पर ठंडी हवाओं और फिसलन के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालु लगातार भवन की ओर बढ़ते रहे और आस्था के आगे मौसम की बाधाएं कमजोर साबित हुईं।

खराब मौसम के चलते कटड़ा से संचालित होने वाली हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। सुबह कुछ समय के लिए हेलीकॉप्टर उड़ान भरते रहे, लेकिन बाद में घने बादल और तेज बारिश के कारण सुरक्षा को देखते हुए सेवा को एहतियातन स्थगित कर दिया गया। हेलीकॉप्टर सेवा बंद होने से टिकट लेकर इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को पैदल यात्रा के अलावा घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाओं का सहारा लेना पड़ा।

हालांकि, बारिश के बावजूद बैटरी कार सेवा और रोपवे (केबल कार) सेवा सामान्य रूप से संचालित रही, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी व जवान यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या परेशानी से बचा जा सके।

दिव्य दर्शन के बाद श्रद्धालु परंपरागत रूप से भैरव घाटी की ओर भी रवाना होते रहे और बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण करते नजर आए। बारिश और ठंड के बावजूद श्रद्धालु परिवार सहित पंजीकरण काउंटरों पर पहुंचते रहे तथा बरसाती और गर्म कपड़ों के साथ यात्रा प्रारंभ करते दिखाई दिए।

श्राइन बोर्ड प्रशासन के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे तक लगभग 17 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के सभी मार्ग फिलहाल सुचारू रूप से खुले हुए हैं और व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय हैं।

मौसम के बदले तेवरों के बावजूद तीर्थ नगरी कटड़ा में आस्था का उत्साह चरम पर बना हुआ है और श्रद्धालु पूरे विश्वास के साथ मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे�