जम्मू मंडल: टिकट चेकिंग स्टाफ की कर्तव्यनिष्ठा से यात्री को मिला खोया बैग, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने किया सम्मानित

जम्मू। जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी, सतर्कता और यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और टिकट चेकिंग स्टाफ के संयुक्त प्रयासों से एक महिला यात्री का कीमती सामान से भरा खोया हुआ बैग सुरक्षित रूप से श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर वापस सौंप दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 06 अप्रैल को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन के गेट पर एक महिला यात्री अपना बैग भूल गई थीं। बैग में सोने के आभूषण, नकद राशि तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। यह बैग ट्रेन संख्या 26403 वंदे भारत एक्सप्रेस के आरपीएफ स्टाफ को मिला, जिसने तत्काल बैग को ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ को सौंप दिया।

बैग के असली मालिक तक पहुंचने के लिए टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा ट्रेन में तीन बार सार्वजनिक घोषणा की गई, लेकिन उस समय संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद टिकट चेकिंग स्टाफ आदिल हुसैन और आकिब अहमद ने सूझबूझ दिखाते हुए बैग से यात्री का मोबाइल नंबर खोज निकाला और महिला यात्री से संपर्क कर बैग मिलने की सूचना दी।

महिला यात्री जब श्रीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचीं, तो उन्होंने टिकट चेकिंग स्टाफ को बैग खोने की जानकारी दी। इसके बाद बैग का मिलान यात्री द्वारा दी गई जानकारी से किया गया और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैग सुरक्षित रूप से महिला यात्री को सौंप दिया गया। यात्री ने रेलवे और कर्मचारियों की ईमानदारी की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

कठुआ स्टेशन पर भी लौटाया गया यात्री का ट्रॉली बैग

इसी तरह एक अन्य घटना में वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22478) से यात्रा कर रहे एक यात्री अपना ट्रॉली बैग ट्रेन से उतरने के बाद कठुआ रेलवे स्टेशन पर भूल गए। स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारी नवदीप अंतिल (सीसीटीसी) को यह बैग मिला। उन्होंने तत्काल बैग को सुरक्षित रखा और यात्री से संपर्क कर सत्यापन के बाद बैग यात्री को सुपुर्द कर दिया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र

इन सराहनीय कार्यों की श्रृंखला में 08 अप्रैल को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल द्वारा टिकट चेकिंग स्टाफ के उत्कृष्ट कार्य को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मनदीप कुमार (मुख्यालय जम्मू),मोनिका (मुख्यालय पठानकोट) एवं अमित कुमार (मुख्यालय श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन) को बेहतर कार्य निष्पादन एवं टिकट चेकिंग से सर्वाधिक राजस्व प्राप्त करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे केवल यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और सामान की सुरक्षा के लिए भी पूरी तरह संकल्पित है। जम्मू मंडल के कर्मचारियों ने ईमानदारी और तत्परता का जो परिचय दिया है, वह पूरे रेल परिवार के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और यात्री सेवा की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार होता है।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल