एलफिंस्टन रोड आरओबी के पैनल हटाने के लिए सेंट्रल रेलवे का विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक, कोणार्क एक्सप्रेस सहित 3 ट्रेनें रहेंगी डायवर्ट

मुंबई। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे अवसंरचना के रखरखाव को ध्यान में रखते हुए सेंट्रल रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा परेल और करी रोड स्टेशनों के बीच स्थित एलफिंस्टन रोड रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के पैनल हटाने का कार्य किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए रेलवे प्रशासन ने 02/03 अप्रैल 2026 तथा 03/04 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि में विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ब्लॉक बायकुला से दादर के बीच (क्रॉसओवर और प्लेटफॉर्म क्षेत्र को छोड़कर) लागू किया जाएगा। 02/03 अप्रैल 2026 की रात (गुरुवार/शुक्रवार) को अप स्लो लाइन और अप व डाउन फास्ट लाइन पर रात 00:30 बजे से 03 अप्रैल 2026 सुबह 04:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। वहीं 03/04 अप्रैल 2026 की रात (शुक्रवार/शनिवार) को अप फास्ट लाइन पर रात 00:30 बजे से 04 अप्रैल 2026 सुबह 04:30 बजे तक ब्लॉक लागू किया जाएगा।

इस ब्लॉक के कारण कुछ महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे ने बताया कि 02/03 अप्रैल की रात को गाड़ी संख्या 11020 भुवनेश्वर न्यू?छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) कोणार्क एक्सप्रेस को माटुंगा और बायकुला स्टेशनों के बीच डायवर्ट किया जाएगा। इसके साथ ही इस ट्रेन को दादर स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव यानी डबल हॉल्ट प्रदान किया जाएगा।

वहीं 03/04 अप्रैल की रात को गाड़ी संख्या 11020 कोणार्क एक्सप्रेस के साथ-साथ गाड़ी संख्या 12810 हावड़ा?सीएसएमटी मेल तथा गाड़ी संख्या 12134 मंगलुरु?सीएसएमटी एक्सप्रेस को भी माटुंगा और बायकुला के बीच डायवर्ट किया जाएगा और इन सभी ट्रेनों को दादर स्टेशन पर डबल हॉल्ट दिया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह ब्लॉक पूरी तरह आवश्यक है, ताकि एलफिंस्टन रोड आरओबी से जुड़े पैनलों को सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके और रेलवे ट्रैक पर संचालन को भविष्य में और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे इस अवधि में यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा अस्थायी असुविधा के लिए सहयोग प्रदान करें।