दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

संतुलित आहार, व्यायाम व तनाव प्रबंधन अपनाने का दिया गया संदेश

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चिकित्सा विभाग द्वारा आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना के उपलक्ष्य में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि वर्तमान समय में असंतुलित खानपान, बढ़ते प्रदूषण, व्यस्त दिनचर्या एवं मानसिक तनाव के कारण हृदय रोग, मधुमेह तथा उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में विश्व स्वास्थ्य दिवस रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का महत्वपूर्ण संदेश देता है।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के केन्द्रीय चिकित्सालय बिलासपुर, मंडल चिकित्सालय रायपुर, उपमंडल चिकित्सालय चरोदा (भिलाई) एवं पॉलीक्लिनिक मोतीबाग (नागपुर) सहित अन्य चिकित्सा इकाइयों में ?स्वास्थ्य के लिए एकजुट हों, विज्ञान के साथ खड़े रहें? थीम पर जागरूकता अभियान, स्वच्छता अभियान तथा स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए फल, हरी सब्जियां, अनाज एवं प्रोटीनयुक्त भोजन को दैनिक जीवन में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम या शारीरिक गतिविधि अपनाने पर जोर दिया गया।

स्वच्छता को स्वास्थ्य का आधार बताते हुए नियमित हाथ धोने, स्वच्छ जल का उपयोग तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त नींद, तनाव प्रबंधन, योग और ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत एक जागरूकता नाटक का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।

चिकित्सा विशेषज्ञों ने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक टीकाकरण तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने को भी स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी बताया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चिकित्सा विभाग की यह पहल रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के समापन पर यह संदेश दिया गया कि ?स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है? और स्वस्थ व्यक्ति ही एक सक्षम व समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।