समपार फाटक एलसी-135 का इंटरलॉकिंग कार्य पूरा, ट्रेनों का संचालन हुआ सुरक्षित

समपार फाटक एलसी-135 का इंटरलॉकिंग कार्य पूरा, ट्रेनों का संचालन हुआ सुरक्षित

पीपाड़ रोड?साथिन रोड के बीच तकनीकी उन्नयन, पहली ट्रेन 14813 को हरी झंडी

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत जोधपुर?मेड़ता रोड रेलखंड पर स्थित समपार फाटक संख्या एलसी-135 का इंटरलॉकिंग कार्य गुरुवार को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस कार्य के पूरा होने से संबंधित सेक्शन में रेल सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा ट्रेन संचालन पहले से अधिक सुरक्षित एवं सुचारू हो सकेगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि पीपाड़ रोड और साथिन रोड स्टेशनों के बीच स्थित समपार फाटक संख्या एलसी-135 पर इंटरलॉकिंग कार्य पूरा होने के बाद गुरुवार सुबह 11:25 बजे पहली ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर?भोपाल एक्सप्रेस को सुरक्षित तरीके से रवाना किया गया।

वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार ने बताया कि इस कार्य के दौरान क्योसान इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम में आवश्यक तकनीकी बदलाव किए गए। इसके साथ ही लॉजिक सिस्टम तथा वीडीयू (VDU) डाटाबेस को अपडेट किया गया। तकनीकी सुधार के तहत 12 बिट्स और 17 रिले में परिवर्तन किया गया तथा सुरक्षा मानकों को और बेहतर बनाने के लिए तीन नए सिग्नल भी स्थापित किए गए।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इंटरलॉकिंग कार्य में आधुनिक तकनीक एवं उन्नत उपकरणों का उपयोग किया गया है, जिससे सिग्नलिंग प्रणाली अधिक विश्वसनीय बनी है।

रेल सुरक्षा की दिशा में अहम कदम

रेलवे प्रशासन के अनुसार समपार फाटक पर इंटरलॉकिंग व्यवस्था लागू होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन और अधिक सुरक्षित होगा। यह कार्य मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर पूरा किया गया, जिसे रेल सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।