सेंट्रल रेलवे को बड़ी सफलता, भुसावल मंडल के असवली–पाडली सेक्शन से हटाया गया स्थायी गति प्रतिबंध

मुंबई। सेंट्रल रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए लगातार बुनियादी ढांचे के उन्नयन पर कार्य कर रहा है, जिससे रेल संचालन में सुरक्षा बढ़े और ट्रेनों की गति में सुधार हो सके। इसी क्रम में भुसावल मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए असवली?पाडली सेक्शन की अप लाइन पर थ्रू फॉर्मेशन ट्रीटमेंट (TFTR) का चुनौतीपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

इस सेक्शन में लंबे समय से 800 मीटर के हिस्से में 75 किमी प्रति घंटे की स्थायी गति सीमा (Permanent Speed Restriction - PSR) लागू थी। यह प्रतिबंध किमी 160.57 से 160.13 के बीच था, जिसकी लगातार निगरानी करनी पड़ती थी, खासकर मानसून के दौरान।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह क्षेत्र सेमी घाट क्षेत्र में स्थित है, जहां पहुंच सीमित थी। ट्रैक फॉर्मेशन की ऊंचाई करीब 9 मीटर है और इस हिस्से में 2.26 डिग्री का कर्व भी मौजूद है। इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए यह कार्य मानसून 2025 के बाद रणनीतिक रूप से शुरू किया गया।

TFTR कार्य को कट एंड कवर (Cut and Cover) पद्धति से पूरा किया गया। इसके लिए 4 एक्सकेवेटर, 2 जेसीबी, 3 हाइड्रा क्रेन, 1 वाइब्रेटरी रोलर और वाटर टैंकर लगाए गए। पूरा कार्य 33 ट्रैफिक ब्लॉकों में पूरा किया गया, जिसमें प्रत्येक ब्लॉक औसतन 2 घंटे 30 मिनट का रहा।

इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सेंट्रल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों व इंजीनियरों की टीम के साथ कुल 35 कर्मियों ने लगातार मेहनत की, जिसमें 10 विभागीय कर्मचारी और 25 संविदा कर्मी शामिल रहे।

TFTR कार्य पूरा होने के बाद अब इस सेक्शन से 75 किमी प्रति घंटे का स्थायी गति प्रतिबंध हटा दिया गया है। इससे ट्रेनों की आवाजाही तेज होगी और इस मार्ग पर रेल संचालन की सुरक्षा भी काफी बढ़ जाएगी।

सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने इसे मंडल की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि रेलवे यात्री सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निरंतर सुधार कार्य कर रहा है।