बिजनौर में फायर सीजन को लेकर अग्निसचेतकों की बैठक, फसलों में आग रोकने के दिए निर्देश

बिजनौर। फायर सीजन के दौरान फसलों में होने वाली आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश के अनुपालन में तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जनपद बिजनौर के विभिन्न ब्लॉकों में नियुक्त अग्निसचेतकों/फायर वालंटियर्स की बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक अग्निशमन केंद्र नजीबाबाद, नगीना, धामपुर और चांदपुर में संबंधित प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य फसलों में लगने वाली आग की घटनाओं की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

बैठक के दौरान अग्निसचेतकों को आग दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बताया गया कि फसलों में आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय संसाधनों की मदद से आग को प्रारंभिक स्तर पर नियंत्रित करें।

इसके अलावा अग्निसचेतकों को अपने क्षेत्र के सभी जल स्रोतों की जानकारी रखने को कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर फायर टैंकरों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। वहीं आपात स्थिति में बेहतर समन्वय के लिए पुलिस, विद्युत विभाग, लेखपाल समेत अन्य महत्वपूर्ण विभागों के संपर्क नंबर अपने पास रखने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि आगजनी की घटनाओं को रोकने में जनसहयोग और सतर्कता सबसे अहम है, इसलिए सभी अग्निसचेतक पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।