नागपुर मंडल ने मार्च माह में 28 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को दी भावभीनी विदाई, सेटलमेंट की पूरी राशि सेवानिवृत्ति के दिन ही सौंपी

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने अपनी परंपरा को कायम रखते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही सेटलमेंट की संपूर्ण राशि का भुगतान सुनिश्चित किया। इसी क्रम में सोमवार, 30 मार्च 2026 को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त होने जा रहे 28 रेल कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कुल 15,32,62,769 रुपये (पंद्रह करोड़ बत्तीस लाख बासठ हजार सात सौ उनहत्तर रुपये) की राशि का भुगतान किया गया। रेलवे प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्ति के दिन ही भुगतान की यह प्रक्रिया कर्मचारियों के प्रति विभाग की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाती है।

रेलवे प्रशासन ने सेवानिवृत्ति राशि के साथ-साथ कर्मचारियों को उनके परिचय पत्र, एफआईसी कार्ड, कैलकुलेशन शीट, सेवा प्रमाणपत्र, पीपीओ, समरी शीट एवं सेवा-पुस्तिका का प्रथम पृष्ठ भी प्रदान किया, जिससे उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की औपचारिक परेशानी न हो।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेलवे के प्रति उनकी सेवा और निष्ठा सराहनीय रही है। उन्होंने कहा कि सेवा काल में जो इच्छाएं या सपने अधूरे रह गए हों, अब इस राशि के समुचित नियोजन से उन्हें पूरा किया जा सकता है। उन्होंने आशा जताई कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने परिवार के साथ सुखद, स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन व्यतीत करेंगे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उदय कुमार भारती, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक वैभव दहिवले, मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती श्वेता एच.के. छोरिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण भावुक और प्रेरणादायक रहा, जहां सभी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।