30 फीट गहरी पानी की डिग्गी में गिरा ट्रैक्टर, बाल-बाल बचा 23 वर्षीय चालक

श्रीगंगानगर के गजसिंहपुर क्षेत्र के गांव 4 बीबीए से भारत माला रोड के नजदीक कुटिया मार्ग पर करीब आठ बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में बनी करीब 30 फीट गहरी डिग्गी में जा गिरा।

जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय चालक मतू सिंह जो किसान दीप सिंह के यहां दिहाड़ी पर कार्य करता है चारा लेने के लिए जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सुखदेव सिंह पुत्र भाग सिंह के खेत में बनी करीब 30 फिट गहरी पानी की डिग्गी में जा गिरा।

गनीमत रही कि हादसे से ठीक पहले चालक ट्रैक्टर से बाहर सड़क पर गिर गया, जिससे उसे कोई चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया। हालांकि ट्रैक्टर गहरी डिग्गी में गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर हाइड्रोलिक मशीन की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को पानी की डिग्गी से बाहर निकाला गया।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।