प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेनें, कई गाड़ियों के फेरे बढ़ाए गए

प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा एवं अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा कुछ विशेष गाड़ियों के संचालन का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत सूबेदारगंज उधना, कानपुर सेंट्रल लोकमान्य तिलक टर्मिनल तथा सूबेदारगंज शकूरबस्ती के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 04155/04156 सूबेदारगंज उधना विशेष ट्रेन के अतिरिक्त फेरों का संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04155 सूबेदारगंज से प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार को 02 अप्रैल 2026 से 13 जुलाई 2026 तक कुल 30 फेरे लगाएगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04156 उधना से प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को 03 अप्रैल 2026 से 14 जुलाई 2026 तक कुल 30 फेरे चलायी जाएगी।

इसके साथ ही रेल प्रशासन द्वारा 04151/04152 कानपुर सेंट्रल लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष ट्रेन भी चलायी जाएगी। गाड़ी संख्या 04151 कानपुर सेंट्रल से प्रत्येक शुक्रवार को 03 अप्रैल 2026 से 10 जुलाई 2026 तक कुल 15 फेरे संचालित होगी। वहीं गाड़ी संख्या 04152 लोकमान्य तिलक टर्मिनल से प्रत्येक शनिवार को 04 अप्रैल 2026 से 11 जुलाई 2026 तक कुल 15 फेरे संचालित होगी।

रेलवे के अनुसार इस ट्रेन की कोच संरचना में कुल 24 डिब्बे होंगे, जिनमें 02 एसएलआरडी, 08 सामान्य, 09 स्लीपर, 04 एसी तृतीय तथा 01 एसी द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल रहेगा। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से चलकर फतेहपुर, सिराथू, भरवारी, प्रयागराज जंक्शन, धभौरा, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी और भुसावल होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी।

इसके अलावा रेल प्रशासन द्वारा 02275/02276 सूबेदारगंज शकूरबस्ती विशेष साप्ताहिक ट्रेन का भी संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 02275 सूबेदारगंज से प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को 05 अप्रैल 2026 से 28 अप्रैल 2026 तक कुल 08 फेरे लगाएगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 02276 शकूरबस्ती से प्रत्येक सोमवार एवं बुधवार को 06 अप्रैल 2026 से 29 अप्रैल 2026 तक कुल 08 फेरे संचालित होगी।

इस ट्रेन की संरचना में 01 एसएलआर, 01 एसएलआरडी, 04 सामान्य, 05 स्लीपर, 06 एसी तृतीय, 02 इकोनोमिक तथा 02 एसी द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, गाजियाबाद एवं दिल्ली होते हुए शकूरबस्ती पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन समय, ठहराव एवं अन्य जानकारी की पुष्टि कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को आने वाले दिनों में यात्रा में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।