हरदोई में सर्राफा व्यापारी लूटकांड पर आईजी का निरीक्षण, जल्द खुलासे के निर्देश, व्यापारी से बातचीत कर कार्रवाई का दिया आश्वासन

हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद उच्च अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। लखनऊ जोन के आईजी किरण एस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित व्यापारी से बातचीत की और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम गोपामऊ निवासी सर्राफा व्यापारी सर्वेश कुमार रस्तोगी अपने पुत्र गौरव के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। बाजार पुरवा गांव के पास दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और तमंचे की बट से हमला कर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश बाइक की डिग्गी में रखा जेवरात व नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब डेढ़ लाख रुपये नकद बताए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह व क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में छह टीमें गठित की गई हैं।
आईजी किरण एस ने संबंधित अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और जिले के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।